कोटा में मंगलमुखी समुदाय ने पहली बार किया अपने परिजनों का तर्पण
Karmyogi sewa Sansthan Kota News
कर्मयोगी सेवा संस्थान की ओर से रोटेदा रोड स्थित जिला मुख्यालय पर आयोजित किए जा रहे 16 दिवसीय श्राद्ध श्रद्धांजलि महोत्सव के तहत सोमवार को तेरस का श्राद्ध तर्पण किया गया। अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा के नेतृत्व में दिवंगत मंगलमुखी किन्नरों की आत्म शांति के लिए समर्पित किया गया। संस्थापक राजाराम जैन कर्मयोगी तथा अध्यक्ष अलका दुलारी जैन कर्मयोगी ने बताया कि इसके लिए विशेष रूप से नया कोटा किन्नर प्रमुख रीना दीदी समूह एवं गुमानपुरा किन्नर प्रमुख नैना देवी समूह काजल देवी समूह को आमंत्रित किया गया। दोनों समूह के 25 किन्नरों ने अपने जीवन में पहली बार अपने दिवंगत सामाजिक साथियों एवं परिजनों के लिए श्राद्ध तर्पण किया। रीना दीदी ने कहा कि जब से होश संभाला है, तब से अपने आपको एक अलग ही दुनिया में पाया है। सामाजिक रीति रिवाज एवं धार्मिक संस्कारों से रूबरू नहीं होने के कारण हमारा अपना एक अलग ही संसार हो गया है। पहली बार कर्मयोगी सेवा संस्थान के निमंत्रण पर पूरे समूह के साथ मिलकर हमने अपने दिवंगत साथियों के लिए एवं अपने दिवंगत माता- पिता परिजनों के लिए पुत्र की हैसियत से तर्पण किया है। प्रभु से प्रार्थना है कि सभी दिवंगत आत्माओं को एक अच्छा और सम्मानजनक जीवन दोबारा मिले। आमंत्रित किन्नर समूह का अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा, नीलम शर्मा, अलका दुलारी जैन कर्मयोगी ने चुनरी का साफा दुपट्टा एवं मोतियों की माला पहनाकर कर अभिनंदन किया। श्राद्ध तर्पण किन्नर प्रमुख रीना दीदी, नैना देवी, काजल दीदी उनके समूह के साथ अनिल कुमार शर्मा, नीलम शर्मा, लक्ष्मी नारायण गर्ग, धर्मपाल सिंह, नीलम सिंह, कमल सिंह सोलंकी, नंद कंवर सिंह, हेमंत सिंह, कुसुम सिंह, अलका दुलारी जैन कर्मयोगी द्वारा किया गया। राजा राम जैन कर्मयोगी ने बताया कि 1 अक्टूबर को चतुर्दशी का श्राद्ध प्राकृतिक त्रासदियों एवं मानवीय भूलों के कारण हुए दिवंगतों की आत्मशांति के साथ ही विशेष रूप से देश दुनिया मैं हुई कोरोना त्रासदी के दिवंगतो की आत्म शांति के लिए समर्पित किए जाएंगे।