अकादमिक उत्कृष्टता व नवाचार से वैश्विक शैक्षणिक वातावरण के लिए प्रतिबद्ध राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय: प्रो. निमित चौधरी
NEWS RTU KOTA
रिपोर्ट न्यूज़ एजेंसी मीडिया हाउस राजस्थान।
राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय (आरटीयू), कोटा का पन्द्रहवां दीक्षांत समारोह 11 मार्च 2026 को स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ एग्रीकल्चरल मैनेजमेंट (SIAM) सभागार, नयापुरा, कोटा में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के 9237 विद्यार्थियों को डिग्रियाँ प्रदान की जाएंगी। समारोह के दौरान कुलाधिपति स्वर्ण पदक, कुलपति स्वर्ण पदक तथा विभिन्न पाठ्यक्रमों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले कुल 29 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 34 शोधार्थियों को पीएचडी उपाधियाँ प्रदान की जाएंगी। इस समारोह की अध्यक्षता माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री हरिभाऊ बागडे करेंगे, मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा होंगे, जबकि निदेशक, सीएसआईआर-केन्द्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान, पिलानी के डॉ. पी. सी. पंचारिया सम्माननीय अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
समारोह में राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के प्रबन्ध मण्डल एवं विद्या परिषद के सदस्यगण राजस्थान राज्य के अन्य विश्वविद्यालयों के कुलपति, राजभवन के अधिकारी, विश्वविद्यालय के समस्त अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, कुलसचिव, विभिन्न संबद्ध महाविद्यालयों के चेयरमैन, निदेशक, प्राचार्य, विश्वविद्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी, संकाय सदस्य, शिक्षक, विभिन्न शिक्षाविद, विद्यार्थी व उनके अभिभावक, प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि एवं आमंत्रित विशिष्ट अतिथिगण भी शामिल होंगे।
राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय, कोटा, प्रदेश में तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता और नवाचार का प्रतीक बन चुका है। उच्च गुणवत्ता वाले शिक्षण, अनुसंधान और उद्योगोन्मुखी पाठ्यक्रमों के माध्यम से यह संस्थान विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार कर रहा है। आरटीयू ने तकनीकी दक्षता को बढ़ावा देने के साथ-साथ नवाचार, स्टार्टअप संस्कृति और शोध के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। अपनी स्थापना से लेकर अब तक विश्वविद्यालय ने हजारों मेधावी इंजीनियर, प्रबंधक और शोधार्थी तैयार किए हैं, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी ने बताया कि पन्द्रहवें दीक्षांत समारोह के दौरान बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी (बीटेक) की 7319, बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर (बीआर्क) की 65, मास्टर ऑफ आर्किटेक्चर (एमआर्क) की 1, मास्टर ऑफ टेक्नोलॉजी (एमटेक) की 643, मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) की 905, मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (एमसीए) की 270 तथा पीएचडी की 34 सहित कुल 9237 उपाधियों का वितरण माननीय राज्यपाल द्वारा किया जाएगा। इस वर्ष कुल 7022 छात्र और 2215 छात्राएँ उपाधि प्राप्त करेंगे। इस समारोह में कुलाधिपति स्वर्ण पदक आर्या कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी, जयपुर की एमबीए की छात्रा निकिता जैन को प्रदान किया जाएगा, जबकि कुलपति स्वर्ण पदक आर्या कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी, जयपुर के बीटेक के छात्र विष्णु मीणा को दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 27 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे, जिनमें बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी (बीटेक) के 17, बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर (बीआर्क) का 1, मास्टर ऑफ टेक्नोलॉजी (एमटेक) के 7, मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) में 1, मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (एमसीए) का 1 गोल्ड मेडल का वितरण भी माननीय राज्यपाल द्वारा किया जाएगा। इन 29 विद्यार्थियों में 12 छात्र एवं 17 छात्राएँ हैं। 15 वें दीक्षांत समारोह के दौरान विभिन्न पाठयक्रमों में अभियांत्रिकी संकाय के 24, प्रबंधन संकाय में 06 एवं कम्प्युटर एप्लीकेशन संकाय के 04 सहित कुल 34 विद्यार्थियों को पीएचडी की डिग्रियां प्रदान की जाएगी। जिसके अंतर्गत 22 छात्र एवं 12 छात्राएं सम्मिलित है।
दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न सम्बद्ध महाविद्यालयों के चेयरमैन/निदेशक/प्राचार्य, विश्वविद्यालय प्रबंधन मंडल एवं विद्या परिषद के सदस्यगण, राज्य के अन्य विश्वविद्यालयों के कुलगुरु, लोकभवन के अधिकारीगण, विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता/विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारीगण, संकाय सदस्य, शिक्षाविद, विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक, प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि एवं आमंत्रित विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहेंगे।
पत्रकार वार्ता के दौरान कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी के साथ विश्वविद्यालय की कुलसचिव भावना शर्मा, दीक्षांत समारोह के समन्वयक प्रो. विवेक पांडेय, प्रो. दिनेश बिरला, प्रो. ए. के. चतुर्वेदी तथा जनसंपर्क अधिकारी डॉ. हरीश शर्मा भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने दीक्षांत समारोह की तैयारियों तथा विश्वविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों के संबंध में मीडिया प्रतिनिधियों को जानकारी प्रदान की।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
