मानव सेवा ही ईश्वर सेवा का सर्वोच्च स्वरूप – लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला
LokSabha Speaker Om Birla Kota Program News Media House Rajasthan MHR NEWS
रिपोर्ट एजेंसी मीडिया हाउस राजस्थान। कोटा। 22 जनवरी 2026।
- श्री राम धर्मार्थ चिकित्सालय के 31वें वार्षिकोत्सव पर सेवा, संवेदना और संकल्प का संदेश
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला गुरुवार को कोटा स्थित श्री राम धर्मार्थ चिकित्सालय के 31वें वार्षिकोत्सव समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मानव सेवा को ईश्वर सेवा का सर्वोच्च स्वरूप बताते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन सेवा, मर्यादा, नैतिकता और समर्पण का अद्भुत आदर्श है, और यही मूल्य इस चिकित्सालय की सेवा प्रणाली में भी स्पष्ट रूप से परिलक्षित होते हैं। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि बीते तीन दशकों से श्री राम धर्मार्थ चिकित्सालय निस्वार्थ भाव से जरूरतमंदों को चिकित्सा सेवाएँ प्रदान कर रहा है, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि इस संस्थान की सबसे बड़ी पहचान यह है कि यहाँ जाति, वर्ग और आर्थिक स्थिति से ऊपर उठकर हर रोगी को समान उपचार और संवेदना मिलती है।
ओम बिरला ने कहा कि सनातन संस्कृति में सेवा को सर्वोच्च धर्म माना गया है। मंदिर, चिकित्सालय और अन्न सेवा जैसे कार्य समाज की आत्मा को जीवंत रखते हैं। प्रभु श्रीराम का जीवन केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि नैतिक जीवन, कर्तव्यबोध और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का मार्गदर्शक भी है। कोविड काल में चिकित्सकों की भूमिका को बताया ऐतिहासिक लोकसभा अध्यक्ष ने कोविड महामारी के दौरान चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के योगदान को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों के प्राण बचाने वाले डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी भारत की मानवीय शक्ति और सेवा भावना का सशक्त उदाहरण हैं, जिसने विश्व स्तर पर देश की प्रतिष्ठा को मजबूत किया है।
- कोटा बनेगा मेडिकल टूरिज्म का सशक्त केंद्र :
बिरला ने कहा कि आने वाले समय में कोटा चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में और अधिक सशक्त केंद्र के रूप में उभरेगा। सरकार, समाज और संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों से आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएँ, निःशुल्क उपचार, मरीजों और उनके परिजनों के लिए भोजन व विश्राम जैसी व्यवस्थाएँ विकसित की जा रही हैं। रामाश्रय जैसी पहलें मानव सेवा के क्षेत्र में नया आयाम स्थापित कर रही हैं, जिससे कोटा मेडिकल टूरिज्म के रूप में भी अपनी पहचान बनाएगा।
- सेवा, संवेदना और संकल्प का उत्सव :
कार्यक्रम में चिकित्सालय के चिकित्सकों, कर्मचारियों और सेवा भाव से जुड़े कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने संस्थान की तीन दशकों की सेवा यात्रा की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी मॉडल बताया।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
