वन संरक्षण के संकल्प के साथ दी गई अमर बलिदानी चंद्रशेखर आजाद को श्रद्धांजलि
Kota scout guide News by Media House Rajasthan MHR DIGITAL
कोटा, 27 फरवरी। मीडिया हाउस राजस्थान न्यूज़ एजेंसी।
राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड तथा शिक्षा सहकारी के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को अमर बलिदानी चंद्रशेखर आजाद की पुण्यतिथि श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आवासन मंडल स्कूल, केशवपुरा में "आजाद का व्यक्तित्व एवं कृतित्व" विषय पर एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें वक्ताओं ने आजाद के बलिदान को याद करते हुए 'वन एवं वन्य जीव संरक्षण' का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रकाश जायसवाल, अंतिमा मेहरा, नीलम पारेता, भारती महावर, योगिता महावर एवं संजना पंकज ने चंद्रशेखर आजाद के जीवन संघर्षों पर प्रकाश डाला। प्रकाश जायसवाल ने कहा कि जिस प्रकार आजाद ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आज उसी भावना के साथ हमें अपनी प्राकृतिक संपदा और वन्य जीवों की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आजाद का जीवन केवल एक क्रांतिकारी की कहानी नहीं है, बल्कि वह अदम्य साहस और कभी न झुकने वाले स्वाभिमान का प्रतीक है। जायसवाल ने कहा कि आज हमारे देश के सामने केवल बाहरी दुश्मन नहीं, बल्कि पर्यावरणीय संकट भी एक बड़ी चुनौती है। वन और वन्य जीव हमारे राष्ट्र की असली संपत्ति हैं। यदि हम अपनी प्रकृति को नहीं बचा सके, तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य अंधकारमय होगा। इसलिए, आज हम संकल्प लें कि हम आजाद की तरह ही निर्भीक बनेंगे—गलत के खिलाफ आवाज उठाएंगे और अपनी धरती को हरा-भरा रखने के लिए 'वन एवं वन्य जीव संरक्षण' को अपने जीवन का हिस्सा बनाएंगे। यही उस महान शहीद को हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
- रैली निकालकर दिया पर्यावरण संरक्षण का सन्देश :
इस दौरान विद्यार्थियों के लिए एक क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। जिसमें विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के अगले चरण में विद्यालय से एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली आवासन मंडल स्कूल से प्रारंभ होकर संतोषी नगर होते हुए कॉमर्स कॉलेज तक पहुँची। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और देशभक्ति के नारे लगाकर क्षेत्रवासियों को जागरूक किया। कॉमर्स कॉलेज पहुँचने पर प्राचार्य हितेंद्र गुप्ता का विशेष सानिध्य प्राप्त हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं का राष्ट्र निर्माण और प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान है। कार्यक्रम में स्काउट-गाइड के कैडेट्स और स्थानीय शिक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए आयोजन को सफल बनाया।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
1
